होली में प्यार है - अनिरुद्ध कुमार
Tue, 14 Mar 2023

होली लहरादार है सबके दिल में प्यार है,
यह जीवन आधार है त्योहारों में प्यार है।
चारो ओर निखार है झूम रहा संसार है,
फूल कली गुलनार है इजहारों में प्यार है।
पत्ता बूटीदार है क्या सुंदर शृंगार है,
हरियाली मनमोहे हर रंगों में प्यार है।
बनठन सब तैयार है, गाँव गली गुलजार है,
चहर रही है जिंदगी, हर बातों में प्यार है।
नखड़ों की भरमार है कैसा रचनाकार है,
पायल पगड़ी झूमते गलबहियाँ में प्यार है।
यौवन में रसधार है काजल में नव धार है,
सुरताल रसरंग बहे हर कंठों में प्यार है।
'अनि' भी ठुमका मारता मस्त लगे करतार है,
सतरंगी होली जँचे लख होली में प्यार है।
- अनिरुद्ध कुमार सिंह, धनबाद, झारखंड