आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं - हरी राम

सुबह सुबह गुड मॉर्निंग बोलें,
और हेलो हेलो की आवाज लगायें।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
ब्रेकफास्ट, लंच की बात करें,
और टी ब्रेक कहते न शरमाएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
लिखें निबंध हिंदी दिवस पर,
पर परिणाम को रिजल्ट बताएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
अंग्रेजी में दे देकर भाषण,
आज हिंदी का महत्व बताएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
हिन्दी को बोलें माथे की बिंदी,
पर बच्चों को अंग्रेजी में पढाएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
न्यायालय बोलें अंग्रेजी में,
वादी प्रतिवादी समझ न पायें।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
महामहिम जब देवें डिग्री,
सिर पर अंग्रेजी हैट लगाएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
करें वकालत हिंदी की पर,
बच्चों को लंदन में भिजवाएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
संसद में प्रश्नों के उत्तर को,
अंग्रेजी में देकर खूब इतराएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।
हैप्पी हिंदी डे कहकर "हरी",
अपनों को शुभ संदेश पठाएं।
आओ हम हिंदी दिवस मनाएं।
कुछ ऐसा काम करो हिंदियों,
जन मैकाले को न शीश झुकाएं।
आओ हम हिन्दी दिवस मनाएं।।
- हरी राम यादव, अयोध्या , उत्तर प्रदेश
फोन नंबर - 7087815074