आओ दीप जलाएं शिक्षा का - हरी राम यादव

 
pic

आओ दीप जलाएं शिक्षा का,
फैले दिग दिगंत में उजियारा।
न कोई शोषित पीड़ित हो,
न कोई रहे अशिक्षित बेचारा।
सभी पढ़ें और सभी बढ़े,
सभी बनें गगन में ध्रुवतारा।
सबकी आशाएं हो पूरित,
हो सुवासित देश हमारा।।

शिक्षा का जब फैलेगा उजियारा,
तब तिमिर दूर भग जाएगा।
कुरीति की रीति दूर हटेगी,
जन अपना हिस्सा पाएगा।
अधिकार मिलेगा सबको अपना,
तो मन हर्षित हो जाएगा।
कर्तव्य हमारा जो जनहित का,
वह स्वत: पूर्ण हो जाएगा ।।

शिक्षा के प्रकाश से निकलेगी,
नवल धवल रश्मि अनंत।
पैदा होंगे सकल समाज में,
मीरा, सूर  कबीर जैसे संत।
ज्ञान गंग की अविरल धारा से,
रहेगा न मन में किंतु परंतु।
अपने जीवन को बना के बाती,
बनें सभी हम शिक्षा के कंत।।

जयति जयति जय शिक्षा होगा,
तो जगमग होगा जीवन सारा।
निर्धनता की हटेगी छाया,
बहेगी धरा पर समृद्धि की धारा।
जब ऊर्ध्वगामी ज्ञान होगा तो,
मिटेगा जाति धर्म का भेद सारा।
जन-गण मन में विचरित होगा,
विद्या धनमं प्रधान का नारा।।
- हरी राम यादव, अयोध्या , उत्तर प्रदेश 
फोन नंबर - 7087815074
 

Share this story