सी.ए.फाइनल परीक्षा में सी.एम.एस. के दो छात्रों को मिली सफलता

Utkarshexpress.comलखनऊ । सिटी मोन्टेसरी स्कूल के दो मेधावी छात्रों ने चार्टड एकाउन्टेन्सी की फाइनल परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित कर सी.एम.एस. का गौरव बढ़ाया है। चार्टड एकाउन्टेन्ट बनने वाले इन छात्रों में शिवांशु तिवारी एवं हर्षित अरोड़ा शामिल हैं। चार्टड एकाउन्टेन्सी (सी.ए.) की परीक्षा इन्स्टीट्यूट आफ चार्टड एकाउन्टेन्ट्स ऑफ इण्डिया के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसके परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। इन छात्रों की सफलता पर सी.एम.एस. परिवार को गर्व है, जिन्होंने मेहनत व लगन के दम पर अपने सपनों को साकार किया है। इन छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय सी.एम.एस. के अपने शिक्षकों व विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को दिया है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इन दोनों मेधावी छात्रों की उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके अत्यन्त उज्जवल भविष्य की कामना की है।
सी.एम.एस. छात्र शिवांशु तिवारी ने नर्सरी से लेकर कक्षा-12 तक की अपनी सम्पूर्ण प्राथमिक शिक्षा सी.एम.एस. चौक कैम्पस से पूरी की है तथापि आई.सी.एस.सी. (कक्षा-10) की परीक्षा 96 प्रतिशत व आई.एस.सी. (कक्षा-12) की परीक्षा 92 प्रतिशत अंको से उत्तीर्ण की। कक्षा-12 तक विज्ञान वर्ग के छात्र होते हुए भी शिवांशु ने अपनी रूचि के अनुसार सी.ए. बनने का निर्णय लिया और अपनी लगन, मेहनत व संकल्प के दम पर पहले ही प्रयास में सी.ए. की फाइनल परीक्षा उच्च अंको से उत्तीर्ण की है। इसी प्रकार, सी.एम.एस. महानगर कैम्पस के छात्र हर्षित अरोड़ा ने भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित की है। सी.एम.एस. अपने छात्रों को उनकी रूचि के क्षेत्रों में आगे बढ़ने का भरपूर अवसर, मार्गदर्शन, उत्साह व आत्मविश्वास प्रदान करता है और यही कारण है कि प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र आई.ए.एस., आई.पी.एस., पी.सी.एस., इंजीनियरिंग, मेडिकल, सीए आदि प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर लखनऊ का नाम रोशन कर रहे हैं।