देवबंद मेले में भगवती जागरण के अलावा कोई भी कार्यक्रम नहीं किया जाएगा आयोजित

utkarshexpress.com देवबंद – नगर के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक मेले को लेकर इस वर्ष एक बड़ा और अहम फैसला लिया गया है। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन विपिन गर्ग एवं मेला कमेटी चेयरमैन एडवोकेट विपिन त्यागी ने संयुक्त रूप से निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि इस बार त्रिपुर मां बाला सुंदरी मेला पंडाल में भगवती जागरण के अलावा कोई भी अन्य सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
हर वर्ष मेले में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम, मनोरंजन गतिविधियां आयोजित होती रही हैं, चेयरमैन के अनुसारकुछ कार्यक्रमों में बहुत कम संख्या में लोग भाग लेते थे। इसलिएइस बार आयोजन को सीमित रखते हुए केवल धार्मिक कार्यक्रम भगवती जागरण पर ही फोकस किया जाएगा। इस निर्णय को प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उक्त निर्णय को लेकर देवबंद प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुमताज अहमद द्वारा एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर नगर पालिका परिषद चेयरमैन विपिन गर्ग एवं मेला कमेटी चेयरमैन विपिन त्यागी के फैसले का हृदय से स्वागत किया।
प्रेस क्लब की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया कि यह निर्णय मेले के बेहतर प्रबंधन और अनुशासित आयोजन के लिए सराहनीय है। साथ ही प्रेस क्लब ने चेयरमैन विपिन गर्ग एवं मेला कमेटी चेयरमैन को इस निर्णय के लिए बधाई दी।
बैठक के दौरान मुमताज अहमद, ओमवीर सिंह, राजकुमार जाटव, कमल देवबंदी, सिकंदर अली, फैसल नूर, महताब आजाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में इस फैसले का समर्थन किया।
रिपोर्टर – महताब आज़ाद



