मनोरंजन
अतिपावन सावन – कर्नल प्रवीण त्रिपाठी

पावन सावन माह में, करिये शिव का ध्यान।
हिय में रखकर शंभु को, करिये नित गुणगान।।
श्रावण मास पुनीत है, करिये शिव अभिषेक।
महादेव को पूजिये, पाएं पुण्य अनेक।।
धरती पर आते शिवा, करने जग कल्याण।
श्रावण मास प्रवास कर, करते पुनः प्रयाण।।
सावन में शिवभक्ति की, बहती है रसधार।
अभिषेकित हो गंग से, करते बेड़ा पार।।
सावन में शिवभक्ति की, बहती है रसधार।
अभिषेकित हो गंग से, करते बेड़ा पार।।
सोमवार का व्रत करें, श्रद्धा से जो लोग।
हर इच्छा की पूर्ति हो, ऐसे बनें सुयोग।।
माथे पर गंगा सजें, गले सर्प की माल।
कर त्रिशूल है सोहता, और चन्द्र हैं भाल।।
भक्त हृदय से कर नमन, पूजें श्रावण माह।
महादेव आशीष दें, हो पूरी हर चाह।।
– कर्नल प्रवीण त्रिपाठी, नोएडा, उत्तर प्रदेश




