उत्तराखण्ड

एक शाम, बस्ती की पाठशाला, विद्यार्थियों के नाम

utkarshexpress.com देहरादून – ‘जीवन्ती’ देवभूमि साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के तत्वावधान में अदिति बिष्ट के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य काव्य संध्या का आयोजन दिनांक 28 सितंबर, 2026 (सोमवार) को लखीबाग, देहरादून में बस्ती की पाठशाला के प्यारे बच्चों के साथ किया गया।
कार्यक्रम में लब्ध-प्रतिष्ठित कवियों, कवयित्रियों, साहित्यकारों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंचासीन अतिथियों में मुख्य अतिथि पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, संस्था की अध्यक्ष श्रीमती कविता बिष्ट ‘नेह’, उपाध्यक्ष डॉ. राजेश डोभाल, संयोजिका डॉ. क्षमा कौशिक, कोषाध्यक्ष विजय प्रसाद खंडूरी एवं संगठन मंत्री विवेक श्रीवास्तव विजेंद्र पुंडीर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात सभी बच्चों के साथ मिलकर राष्ट्रीय गीत गाकर विद्या के मंदिर को ऊर्जावान बनाया गया।
निओ विजन फाउंडेशन, के संस्थापक अध्यक्ष, आदरणीय गजेंद्र रमोला, सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में लगभग सौ से अधिक बच्चों को शिक्षा देकर उनका मार्गदर्शन कर भविष्य बना रहे हैं, संस्था की ओर से रमोला को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ प्रेषित की जाती हैं।
इस काव्यात्मक अनुष्ठान में उपस्थित समस्त साहित्य-प्रेमी, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सुधीजनों का हार्दिक अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कवियों एवं श्रोताओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता से सभागार को साहित्यिक ऊर्जा, संवेदना एवं रचनात्मक उल्लास से ओत-प्रोत कर दिया।
बस्ती के विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनकी लगन देखकर मन प्रसन्न हो गया। कुछ होनहार बच्चों ने कविता सुनाकर सबका मन मोह लिया। सभी बच्चों को संस्था के माध्यम से सम्मानित किया गया। उपहार पाकर बच्चों की आँखों में जो खुशी देखी, उससे मन गदगद हो गया। ये वो बच्चे हैं जो स्कूल के साथ-साथ घर के कार्यों में और रोज़ी-रोटी के लिए संघर्ष करते हैं, उसके बावजूद रमोला के सौजन्य से पढ़ रहे हैं। सभी स्नेहिल बच्चों की खुशी और प्रतिभा अद्भुत है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने अपने उद्बोधन में बच्चों को प्रोत्साहित किया और प्रिय अदिति को ढेर सारी बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दीं। गुरुदेव का आशीर्वाद अनमोल है, ईश्वर से प्रार्थना है कि उनका स्नेहाशीष सदैव बना रहे।
संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. राजेश डोभाल ने जन्मदिन का सुंदर गीत गाकर प्रिय अदिति को बधाई दी। संयोजिका डॉ. क्षमा कौशिक ने आशीर्वाद देते हुए सुंदर प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। कोषाध्यक्ष विजय खंडूरी ने अपने प्रभावी उद्बोधन में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। विवेक श्रीवास्तव ने उत्तराखंड की संस्कृति और संस्कार पर सुंदर गीत प्रस्तुत किया और सभी बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया।
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती कविता बिष्ट ‘नेह’ ने सभी पदाधिकारियों, अपने गुरुदेव पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, बच्चों के संरक्षक रमोला, विद्यालय की शिक्षिका सुश्री मीना, शिक्षकगणों एवं प्रिय बच्चों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
‘एक शाम विद्यार्थियों के नाम’ कार्यक्रम अत्यंत सफल, सार्थक एवं स्मरणीय रहा। सभी कवियों ने अपनी सशक्त, भावपूर्ण एवं विचारोत्तेजक रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया और भरपूर तालियाँ बटोरीं। सभी रचनाकारों के काव्य-पाठ के प्रत्येक क्षण में संवेदना, सामाजिक सरोकार एवं सौंदर्यबोध की सुगंध अनुभव की गई। यह साहित्यिक आयोजन सभी के हृदय में अविस्मरणीय स्मृतियाँ छोड़ गया।
संस्था द्वारा आयोजित इस साहित्यिक अनुष्ठान को सफल बनाने हेतु संस्था की अध्यक्ष श्रीमती कविता बिष्ट ‘नेह’ एवं समस्त पदाधिकारियों ने सभी का सादर आभार व्यक्त किया। – (अध्यक्ष: कविता बिष्ट ‘नेह’, मीडिया प्रभारी: विवेक श्रीवास्तव)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button