मनोरंजन

ग़ज़ल (हिंदी) – जसवीर सिंह हलधर

नफरतों के रंग की पिचकारियों का दौर है ।

मज़हबी उन्माद की किलकारियों का दौर है ।

 

बोतलों में नीर बिकता अब हमारे देश में ,

जीन्स जैकेट में खड़ी पनिहारियों का दौर है ।

 

आम राजा है फलों का आदमी लाचार है ,

नाम पर उसके यहां सरदारियों का दौर है ।

 

रोज चर्चा हो रही है भूख के कानून पर ,

आंकड़ों के खेल में गुलकारियों का दौर है ।

 

राजनेता देखिए तो किस क़दर ज़िद पर अड़े ,

इस चुनावी साल में अय्यारियों का दौर है ।

 

भीख कारोबार जिनका मज़हबी पोशाक में ,

बस दिखावे के लिए खुद्दारियों का दौर है ।

 

क्या गुलाबों की सही कीमत मिली है देश में ,

चीन से आयात की फुलवारियों का दौर है ।

 

सत्य निष्ठा की शपथ केवल दिखावे के लिए ,

झूठ के आलाप हैं मक्कारियों का दौर है ।

 

रोज “हलधर” लिख रहा है देश के हालात पर ,

मंच पर तो काव्य के व्यापारियों का दौर है ।

– जसवीर सिंह हलधर, देहरादून

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button