धर्म
श्रावण माह में शिवार्चन (२8) (कपालेश्वर जी, चेन्नई) – कर्नल प्रवीण त्रिपाठी

कपालेश्वरा-कर्पागम्बल, मायलापुर में बसते हैं।
शंकर-पार्वती के मंदिर, नित भक्तों से भरते हैं।
शीश पुनः ब्रह्मा ने पाया, गौरी का तप सफल हुआ,
भक्तों की हर इच्छाओं की, पूर्ति सदाशिव करते हैं।
(वड़क्कुनाथन महादेव, त्रिशूर) –
परशुराम जी के आग्रह पर, शिव ने यहाँ निवास किया।
वड़क्कुनाथन महादेव सा, भारत को शुभ धाम दिया।
घी से हो अभिषेक शंभु का, विग्रह जिससे ढका हुआ,
शिव कुटुंब की कृपा बरसती, मन से जब भी नाम लिया।
– कर्नल प्रवीण त्रिपाठी, नोएडा, उत्तर प्रदेश




