सियासत, सत्ता मद और सुरा-सुंदरी का गठजोड़ – डॉ. सुधाकर आशावादी

utkarshexpress.com – एक समय था कि जब कांग्रेस के दिग्गज नेता नारायण दत्त तिवारी पर एक महिला नेत्री ने अपने पुत्र के जैविक पिता होने का आरोप लगाया था तथा न्यायालय में सिद्ध भी हुआ था। ऐसा ही आरोप एक अन्य महिला ने कांग्रेस के दिग्गज नेता हरक सिंह रावत पर लगाया है।
राजनीति और व्याभिचार की ऐसी कहानियाँ समाज में यदा कदा सुर्खियां पाती रहती हैं। राजनीति में शिखर तक पहुँचने के लिए देह को सीढ़ी बनाकर अल्प समय में ही कुछ खास चेहरे फर्श से अर्श तक का सफर कैसे तय कर लेते हैं, यह तो जाँच का विषय है, लेकिन सच यही है, कि राजनीति और व्याभिचार में चोली दामन सरीखा संबंध है। सत्ता मद में अंधे नेता गण अपने पद का दुरूपयोग सुरा और सुंदरी के फेर में करते आए हैं। ऐसे अनेक उदाहरण विगत में प्रकाश में आते रहे हैं।
कभी कभी ऐसा भी होता है, कि लाभकारी पदों हेतु, टिकट न मिलने पर या कभी धन का सौदा तय नहीं होने पर भी इस तरह के आरोपों से कतिपय महिला या पुरुषों द्वारा प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रभावशाली नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया जाता है, आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसका कोई विश्लेषण नहीं किया जाता। ऐसा नहीं है, कि व्याभिचार के आरोप किसी एक राजनीतिक दल के नेताओं पर ही लगाए जाते हों। ऐसे आरोप सभी राजनीतिक दलों के प्रभावशाली नेताओं पर लगते ही रहते हैं।
इन आरोपों को अपराध की संज्ञा देकर पक्ष और विपक्ष के नेतागण एक दूसरे की ओर ऊँगली उठाते हुए यह नहीं सोचते, कि उनका और उनकी राजनीतिक पार्टी का दामन भी दूध से धुला नहीं है। प्रश्न यह है, कि राजनीति को आजीविका का साधन बनाने वाले कितने लोग ऐसे हैं, जो येन केन प्रकारेण सत्ता की निकटता का लाभ उठाने से परहेज करते हैं? सच तो यह है कि राजनीति और व्यभिचार के हमाम में सभी एक जैसे हैं, कोई कम कोई ज्यादा।
देह आकर्षण या धन आकर्षण राजनीति में इतना असरकारक है कि इनके प्रयोगों से झोपड़ियाँ अल्प समय में ही ऊँची अट्टालिकाओं का सफर तय कर लेती हैं। किसी की पोल डी एन ए परीक्षण से खुल जाती है और व्यभिचार के किस्से अतीत का विषय बनकर रह जाते हैं।
बहरहाल चिंता का विषय यह है कि राजनीति में आने वाले युवक युवतियां किस आकर्षण से राजनीति के मैदान में उतरने हेतु विवश होते हैं? बिना किसी लाभ के पद पर होते हुए भी राजनीतिक दलों के संगठन में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को कौन सा अलादीन का चिराग हाथ लग जाता है, जिससे वह दिनों दिन अभिजात्य वर्ग सरीखी सुख सुविधाओं को भोगने की स्थिति में आ जाते हैं।
बहरहाल बात केवल नारायण दत्त तिवारी या हरक सिंह रावत तक सीमित नहीं है, विषय है कि इन जैसे कितने दिग्गज नेताओं के राज अतीत की तिजोरी में कैद हैं? (विनायक फीचर्स)



