निवेश से पहले आर्थिक स्थिति और जरूरतों का आकलन जरूरी – राजीव जैन

utkarshexpress.com देवबंद – राजकीय स्नातक महाविद्यालय, देवबंद में सोमवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सहयोग से निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड समेत निवेश के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देते हुए निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में वित्तीय विशेषज्ञ राजीव जैन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले व्यक्ति को अपनी आर्थिक स्थिति, आय, जरूरत और वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड के काम करने के तरीके को सरल भाषा में समझाया।
उन्होंने छात्रों को डिमैट अकाउंट, ब्रोकर की भूमिका तथा सेबी के कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। बताया गया कि सेबी शेयर बाजार को नियंत्रित करने के साथ-साथ निवेशकों के हितों की सुरक्षा के लिए भी कार्य करता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को शेयर बाजार की लाइव मॉनिटरिंग भी कराई गई। छात्रों ने बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव को प्रत्यक्ष रूप से देखा और यह समझने का प्रयास किया कि आर्थिक एवं व्यावसायिक घटनाओं का शेयर बाजार पर किस प्रकार प्रभाव पड़ता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गौरव वाले ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्रों की वित्तीय जानकारी बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें निवेश के क्षेत्र में व्यावहारिक समझ प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए वित्तीय साक्षरता आज के समय में बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में डॉ. संजय सिंह, डॉ. शाहनवाज, डॉ. मोहम्मद आरिफ, डॉ. राखी मलिक, लोकेश शर्मा, राजीव और प्रमोद सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद



