सुर-साधना से सफलता के शिखर तक पहुँचे आयुष ठाकुर
India’s Talent Fight Season-06 के Grand Finale में बने 2nd Runner-Up

utkarshexpress.com (मुजफ्फरपुर -बिहार) कुमार संदीप – मुजफ्फरपुर जिले के रतनमनिया गांव के युवा प्रतिभाशाली गायक आयुष ठाकुर ने अपनी सुर-साधना, प्रतिभा, गुरुजनों के आशीर्वाद और परिवार के निरंतर सहयोग से India’s Talent Fight Season-06 के Grand Finale तक का गौरवपूर्ण सफर तय करते हुए 2nd Runner-Up का स्थान प्राप्त किया। आयुष की यह सफलता केवल एक प्रतियोगिता में मिली उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके निरंतर संगीत-अभ्यास, समर्पण और संघर्ष की सुंदर परिणति है। ऑडिशन से प्रारंभ हुआ उनका सफर सेमीफाइनल की कठिन सीढ़ियों को पार करते हुए Grand Finale तक पहुँचा। अपनी गायकी से उन्होंने निर्णायकों और संगीतप्रेमियों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
इस संगीत यात्रा में आयुष को अपने परिवार का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। उनके पिता त्रिपुरारी ठाकुर, दादा शत्रुघ्न प्रसाद ठाकुर एवं माता नूतन देवी ने सदैव उनका उत्साह बढ़ाया और संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, संगीत की विधिवत शिक्षा उन्होंने अपने गुरु श्री अनुराग मिश्रा जी से प्राप्त की, जिनके मार्गदर्शन ने उनकी प्रतिभा को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयुष की सफलता में उनकी प्रतिभा के साथ गुरु-आशीर्वाद, माता-पिता का स्नेह और परिवार की शुभकामनाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारतीय संस्कृति में संगीत को ईश्वर की आराधना का एक सुंदर माध्यम माना गया है और आयुष की सुर-साधना उसी भाव को सार्थक करती दिखाई देती है।
वर्तमान में आयुष “Sangeet Bihar Musical Group” के माध्यम से संगीत के कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर में उनकी टीम द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और वे अपनी कला के माध्यम से संगीत की साधना को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। रतनमनिया गांव से निकलकर संगीत के बड़े मंच तक पहुँचे आयुष ठाकुर की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। ईश्वर से कामना है कि उनकी सुर-साधना निरंतर निखरती रहे, गुरुजनों का आशीर्वाद और परिवार का स्नेह सदैव बना रहे तथा वे संगीत के क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित करें।




