विविधताओं का पुष्प गुच्छ है ‘पुष्पांजलि’ काव्य संग्रह – सुधीर श्रीवास्तव

utkarshexpress.com – समीक्ष्य काव्य-संग्रह ‘पुष्पांजलि’ (राजलक्ष्मी श्रीवास्तव) जीवन के विविध रंगों, आत्मानुभूतियों, सांस्कृतिक स्मृतियों और सामाजिक सरोकारों का संवेदनशील संग्रह है।
साहित्यिक-दृष्टि की कसौटी पर संग्रह की रचनाओं में सत्यं, शिवं और सुंदरम् की त्रिवेणी में रचनाओं के मूल्यांकन की कोशिश करें, तो ‘मित्रता’ में आत्मीय संबंधों की गरिमा, ‘ठंडी का मौसम मुझको बहुत भाता’ में प्रकृति के सौंदर्य का सहज चित्रण, ‘वह मजदूरन थी’ श्रमशील नारी का संघर्ष, परिश्रम और स्वाभिमान का स्वर सुनाई देता है, जबकि ‘मुझे गर्व है मैं नारी हूँ’ नारी अस्मिता, आत्मसम्मान, ‘परिंदा का घरौंदा’ सपनों के आशियाने की कल्पना, ‘कच्ची धूप’ में सुबह की प्रथम किरण का उल्लास, ‘गगन से बरसे अमृत’ में शरद पूर्णिमा की आभा तथा ‘छलकत गगरी’ में प्रेम और जीवन-दर्शन की झलक दिखाई देता है। ‘जलेबी जैसे सीधे लोग’ में व्यंग्यभाव, तो ‘जब पहली बार टीवी आया’ में बदलते समय की स्मृतियो सहेजने की कोशिश जैसी हैं।
‘गाँव का कुआँ’, ‘गर्मी की छुट्टी—नानी का घर’ और ‘मिट्टी का घड़ा’ ग्रामीण संस्कृति/ परिवेश को सहेजने की दिशा को रेखांकित करते हैं। ‘मेरे आँगन आती गाय’ में पशु के प्रति प्रेम तथा ‘सब्जियों की शान’ में हास्य-व्यंग्य का समावेश है। साक्षरता, फेसबुक और व्हाट्सएप पर व्यंग्य करती रचनाओं वाले काव्य संग्रह की भाषा सहज, सरल भावों की स्वाभाविकता, अभिव्यक्ति की आत्मीयता और विषय-विविधता राजलक्ष्मी की सृजनात्मकता को आयाम देते दिखाई देते हैं।
अंत में राजलक्ष्मी श्रीवास्तव का काव्य संग्रह ‘पुष्पांजलि’ संवेदना, संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक चेतना का पुष्पगुच्छ भर नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों के विकास, संवेदना को उकेरने और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का साहित्यिक अनुक्रम कहा जाना अतिशयोक्ति नहीं होगा।
पारिवारिक , सामाजिक और व्यवहारिक रूप से अपनी अनेकानेक व्यस्तताओं के साथ ही संवेदनशील युवा कवयित्री राजलक्ष्मी श्रीवास्तव की साहित्यिक यात्रा निरंतर प्रभावी होती जाएगी, बशर्ते वे अतिउत्साह/और किसी भी तरह की नकारात्मकता से बचते हुए सतत आगे बढ़ती रहें।
पुस्तक समीक्षा-
पुस्तक का नाम – ‘पुष्पांजलि’ (काव्य-संग्रह)
पुस्तक के लेखक का नाम – राजलक्ष्मी श्रीवास्तव
समीक्षक- सुधीर श्रीवास्तव, गोण्डा उत्तर प्रदेश




