डॉ0 अशोक पाण्डेय गुलशन को मिला श्री हुलसी सम्मान

utkarshexpress.com बहराइच। गोस्वामी तुलसीदास के ननिहाल दहौरा में माघी पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर आयोजित कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में सनातन धर्म परिषद के संस्थापक डॉ0 स्वामी भगवदाचार्य ने डॉ0 अशोक गुलशन को श्री हुलसी सम्मान से सम्मानित किया।
बलरामपुर के पिपरा एकडंगा गाँव में 25 जून 1963 में जन्मे और प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर बुजुर्ग तथा कटरा में प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करने के पश्चात डॉ0 गुलशन गोण्डा और इलाहाबाद विश्वविद्यालय तथा लखनऊ विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के रूप में नियुक्त होकर 2 वर्ष पूर्व क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त होकर चिकित्सा, साहित्य तथा समाज सेवा में निरन्तर संलग्नरत हैं।
साहित्य सेवा हेतु उन्हें अब तक विभिन्न देशों की संस्थाओं से 833 तथा चिकित्सा एवं समाजसेवा हेतु 1852 सम्मान, पुरस्कार, उपाधियाँ प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। 26 प्रकाशित पुस्तकों के रचयिता डॉ0 गुलशन द्वारा 10 प्रकार के 57 वर्ल्ड रिकार्ड बनाए जा चुके हैं जिसे लिम्का बुक, वर्ल्ड बुक आदि में सम्मिलित किया गया है।
11 संकलनों के संपादक डॉ0 गुलशन की रचनाधर्मिता एवं उनके साहित्य में योगदान पर लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा एम0फिल0 हुई है तथा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पीएच0 डी0 के शोध ग्रन्थ में उनकी छोटी बहर की ग़ज़ल सम्मिलित की गई है। एन0सी0सी0, स्काउट, रोवर रेंजर फोर्स तथा एन0एस0एस0 में सक्रिय रूप से प्रतिभागी रहे डॉ0 गुलशन इंडोनेशिया, थाईलैंड, भूटान तथा काठमांडू के साहित्यिक समारोहों में प्रतिभाग कर चुके हैं और साहित्य के क्षेत्र में उन्हें 42 देशों की संस्थाओं से सम्मानित किया जा चुका है जिनमें 19 देशों से 28 ऑनरेरी डॉक्टरेट एवं 4 डी0लिट0, 5 देशों से 9 अंतरराष्ट्रीय सम्मान, 7 राज्यों से 13 राष्ट्रीय सम्मान, 12 देशों से 30 डिप्लोमा , इंडोनेशिया से बैचलर ऑफ साइंस, मास्टर ऑफ साइंस, यमन से डिग्री ऑफ कल्चरल डिप्लोमेसी, 13 देशों से 113 उपाधियाँ, 418 सम्मान, पुरस्कार तथा 215 प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं।




