हेल्थ

नेत्रदान जागरूकता पखवाड़ा के अवसर पर जागरूकता मार्च आयोजित

utkarshexpress.com पटना (डॉ अनमोल कुमार)। नेत्रदान जागरूकता पखवाड़ा के अवसर पर इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के नेत्र विभाग एवं आई बैंक तथा दधीचि देहदान समिति, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में नेत्रदान जागरूकता मार्च (वॉक) का आयोजन किया गया। जागरूकता मार्च इंदिरा गांधी की प्रतिमा के पास से प्रारंभ होकर स्मृतिशेष सुशील कुमार मोदी स्मृति पार्क में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा, आई बैंक के प्रभारी डॉ. नीलेश मोहन, दधीचि देहदान समिति के महासचिव पद्मश्री बिमल जैन एवं उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष प्रसाद के नेतृत्व में डॉक्टरों, नर्सों, दधीचि देहदान समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में आम लोगों ने भाग लिया।
जागरूकता मार्च के दौरान नेत्रदान एवं अंगदान से संबंधित स्लोगन लिखे बैनर और प्लेकार्ड लेकर प्रतिभागियों ने बुलंद नारों के साथ परिसर में भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
स्मृति पार्क में दधीचि देहदान समिति के महासचिव पद्मश्री बिमल जैन ने उपस्थित लोगों को नेत्रदान एवं अंगदान के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर पद्मश्री बिमल जैन ने उपस्थित नेत्र रोग विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि वे अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करें, ताकि नेत्रदान एवं अंगदान के क्षेत्र में बिहार को देश के प्रमुख राज्यों में स्थान दिलाया जा सके।
कार्यक्रम में समिति के कोषाध्यक्ष प्रदीप चौरसिया, पवन केजरीवाल एवं शैलेश महाजन की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। इसके अतिरिक्त, आज दधीचि देहदान समिति द्वारा पटना से राज्यस्तरीय ऑनलाइन जूम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार के सभी 38 जिलों की जिला इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में पूरे बिहार में नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ाने तथा इस अभियान में नई ऊर्जा एवं गति लाने के उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि बिहार के प्रत्येक जिले तक नेत्रदान एवं अंगदान का संदेश पहुँचाकर जन-जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button