देश-विदेश

पत्रकार नसीम की हत्या पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जताया रोष

हत्यारों पर रासुका के तहत कार्रवाई और परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग

utkarshexpress.com सहारनपुर — उत्तर प्रदेश में पत्रकारों के उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने गहरी चिंता जताई है। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष आलोक तनेजा ने हापुड़ में जनवाणी के रिपोर्टर नसीम की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे पत्रकारिता जगत के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक घटना बताया।
आलोक तनेजा ने कहा कि प्रदेश में पत्रकारों के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कहीं पुलिस-प्रशासन की ओर से पत्रकारों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं, तो कहीं दबंगों द्वारा पत्रकारों की हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज की समस्याओं को उजागर करते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि हापुड़ में पत्रकार नसीम की हत्या बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता है और सरकार से मांग करता है कि हत्यारों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक पत्रकार के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
आलोक तनेजा ने कहा कि पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों को रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि पत्रकार बिना किसी भय और दबाव के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।     रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button