सावन और जश्न-ए-आजादी कवि सम्मेलन सम्पन्न

utkarshexpress.com – कहानिका हिंदी पत्रिका के यूपी अध्याय द्वारा दिनांक 9 अगस्त 2026, दिन रविवार को संध्या 6.00 बजे “सावन में शिव और जश्न-ए-आजादी” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय अध्याय द्वारा आभासी कवि सम्मेलन सम्पन्न हुआ। कवि सम्मेलन का मंच संचालन डॉ. विभा तिवारी और नावेद रजा दुर्गावी ने किया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र तिवारी स्वदेश( पूर्व सैन्य अधिकारी), विशिष्ट अतिथि जय कृष्ण मिश्रा, (अंतर्राष्ट्रीय संयोजक, दुबई), सत्येंद्र नाथ गुप्ता, अंतर्राष्ट्रीय सह संपादक, आबूधाबी और चिदानंद पाण्डेय चिद्रूप बनारसी, पूर्व सैन्य अधिकारी के अलावा सुधीर कुमार श्रीवास्तव, केंद्रीय मीडिया प्रभारी, कहानिका ने भाग लिया। आयोजन की अध्यक्षता श्याम कुंवर भारती, प्रधान संपादक ने की।
सरस्वती वंदना मधुमिता साहा, उप-संपादक, झारखंड अध्याय; गणेश वंदना रजनी कटारे, राज्य प्रभारी, मध्य प्रदेश अध्याय, देवी गीत श्याम कुंवर भारती; स्वागत गीत डॉ. दीप्ति खरे, मंडला और स्वागत भाषण डॉ. विभा तिवारी, जौनपुर ने किया।
उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि राजेंद्र तिवारी स्वदेश ने अपने विचार व्यक्त किए और संस्था के कार्यों की सराहना की।
सभा अध्यक्ष श्री भारती ने कहानिका के कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संस्था का अगला ऑफलाइन कवि सम्मेलन 26 सितंबर 3026 को जम्मू-कश्मीर में होगा।दुबई का आयोजन भारतीय दूतावास से सहमति मिलने के बाद किया जाएगा।
पत्रिका के डिजिटल अंक का लिंक पर्यावरण विशेषांक शीघ्र ही सभी पाठकों और सदस्यों को भेजा जाएगा।
साहित्यिक प्रतियोगिताओं में प्राप्त कविताएँ, कहानियाँ और लघु कथाओं का संकलन पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जा रहा है। जिसका विमोचन जम्मू-कश्मीर के कवि सम्मेलन में किया जाएगा।
सावन महीने में महिलाओं के लिए मेहंदी और सौंदर्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। शीघ्र ही श्याम कुंवर भारती द्वारा रचित कहानी “जूही की महक” पर सीरियल निर्माण और भोजपुरी कहानी “घुरहू की मेहरारू मुखियाइन” पर भोजपुरी फिल्म निर्माण की तैयारी प्रारंभ की जाएगी। संस्था के सभी सदस्य साहित्यकार अपनी सार्थक और उद्देश्यपूर्ण रचना कार्य करते रहें, जो भविष्य में मील का पत्थर बने।
काव्य पाठ में जिन कवियों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से सावन की हरियाली और देशभक्ति से सराबोर कर तालियाँ बटोरीं, उनमें से मुख्य रूप से मधुमिता साहा, डॉ. दिवाकर पाठक, सीमा कुमार, निर्मला सिंह, अनिल पाठक ‘अतुल्य’, चेतना यादव, निर्मला कर्ण, रश्मि सिन्हा, जय कृष्ण मिश्रा, दुबई; सत्येंद्र नाथ गुप्ता, आबूधाबी; श्याम कुंवर भारती ने भोजपुरी कजरी लोकगीत, शिव वंदना और देशभक्ति गीत “मेरी रंग दे रंगरेज चुनर हिंदुस्तानी” का काव्य पाठ कर सबको वाह-वाह करने पर बाध्य कर दिया। वहीं सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बेहद ओजपूर्ण काव्य पाठ किया। इसके अलावा अंशिका श्रीवास्तव, यूपी; डॉ. विभा तिवारी ने अपनी मधुर और मखमली आवाज में कई बेहतरीन ग़ज़लें पढ़कर महफ़िल में चार चाँद लगा दिया।
नावेद रजा दुर्गावी, रजनी कटारे हेम, नीरू कालरा, ऑस्ट्रेलिया; डॉ. दीप्ति खरे, राजेंद्र तिवारी स्वदेश, और चिदानंद चिद्रूप पाण्डेय ने देशभक्ति काव्य पाठ से सबकी रगों में जोश भर दिया। कार्यक्रम के अंत में जय कृष्ण मिश्रा ने सभी प्रतिभागी कवियों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन देकर सभा की समाप्ति की घोषणा की।




