देश-विदेश

द् दून वैली पब्लिक स्कूल में भव्य करियर मेले का हुआ आयोजन

सपनों को दी दिशा, भविष्य को दी नई उड़ान

utkarshexpress.com देवबंद – द् दून वैली पब्लिक स्कूल, देवबंद द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से 26 नवंबर 2026 को भव्य करियर मेले का आयोजन किया गया। यह मेला विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें कक्षा 10, 11 एवं 12 के विद्यार्थियों तथा अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की ।
करियर मेले का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा , उप-प्रधानाचार्यों तनुज कपिल एवं हरदीप सिंह व उपस्थित अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। इस अवसर पर माँ सरस्वती से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं ज्ञान की कामना की गई ।
करियर मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विविध विकल्पों, विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, विश्वविद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया तथा भविष्य में उपलब्ध करियर संभावनाओं से परिचित कराना था। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता एवं प्रतिभा के अनुरूप करियर चुनने में सहायता मिली तथा उन्हें भविष्य की दिशा निर्धारित करने के लिए उचित मार्गदर्शन प्राप्त हुआ ।
इस अवसर पर देश के अनेक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों ने सहभागिता की। इनमें हरिद्वार यूनिवर्सिटी (रुड़की), ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी (देहरादून), सीओईआर यूनिवर्सिटी (रुड़की), माया देवी यूनिवर्सिटी (देहरादून), नव चेतना ग्रुप ऑफ कॉलेजेस (देहरादून), चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (चंडीगढ़), बीएफआईटी ग्रुप (देहरादून), जैन डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी (बेंगलुरु), आरआईटी (रुड़की), क्वांटम यूनिवर्सिटी (रुड़की), टॉपरैंकर्स लीगल Sएज (देहरादून), गीता यूनिवर्सिटी (पानीपत, दिल्ली एनसीआर), केयर कॉलेज (रुड़की), अपोलो नॉलेज (अखिल भारतीय), सीजीसी यूनिवर्सिटी (मोहाली) तथा बेनेट यूनिवर्सिटी सहित कई प्रमुख संस्थान शामिल रहे ।
मेले में उपस्थित विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति की संभावनाओं, शैक्षणिक सुविधाओं, विभिन्न क्षेत्रों में करियर विकल्पों एवं रोजगार के अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया ।
विद्यालय द्वारा आयोजित यह करियर मेला विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक विकल्पों से परिचित कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की योजना बनाने, सही निर्णय लेने तथा अपने सपनों को साकार करने की दिशा में प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ ।
विद्यालय के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही समय पर सही करियर का चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं करियर विकल्पों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने में सहायता करते हैं ।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने कहा कि करियर मेले का आयोजन विद्यार्थियों को उनके भविष्य के प्रति जागरूक करने और सही करियर चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए अपनी रुचि एवं क्षमता को पहचानना आवश्यक है। ऐसे आयोजन उन्हें विभिन्न विश्वविद्यालयों, पाठ्यक्रमों एवं करियर के अवसरों को समझने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ण आत्मविश्वास एवं लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया ।
इस करियर मेले में द् दून वैली पब्लिक स्कूल, देवबंद के विद्यार्थियों के साथ-साथ नचिकेता स्कूल के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया ।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button