उत्तराखण्ड

जीवन्ती देवभूमि साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था का प्रथम वार्षिकोत्सव सम्मान समारोह

कविता बिष्ट ‘नेह’ की तीन पुस्तकों का लोकार्पण 19 जुलाई को

utkarshexpress.com देहरादून। जीवन्ती देवभूमि साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक राष्ट्रीय पंजीकृत संस्था के तत्वावधान में रविवार, 19 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे होटल वाईसराय इन, निरंजनपुर मंडी के सामने, देहरादून में संस्था का प्रथम वार्षिकोत्सव, सम्मान समारोह एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन साहित्य, सेवा, संस्कृति, शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित होगा, जिसमें प्रदेश एवं देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, शिक्षाविद्, समाजसेवी, पत्रकार, कलाकार तथा विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियाँ सहभागी बनेंगी।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री खजान दास होंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती राधा रतूड़ी (आई.ए.एस.), मुख्य सूचना आयुक्त तथा अनिल रतूड़ी, पूर्व पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) उपस्थित रहेंगे।
अति विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र,, डॉ. सुधा रानी पांडे “पूर्व कुलपति संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार” वरिष्ठ साहित्यकार असीम शुक्ल, डॉ. राम विनय सिंह वरिष्ठ साहित्यकार तथा शिव मोहन सिंह वरिष्ठ साहित्यकार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार श्रीकांत श्री करेंगे।
समारोह के द्वितीय सत्र में मंचासीन श्रीमती मधु भट्ट (उपाध्यक्ष, संस्कृति विभाग), राजकुमार पुरोहित (पूर्व राज्य मंत्री), डॉ. विदुषी निशंक निदेशक लेखक गाँव, डॉ. वी.के. संजय, अशोक विंडलास, अशोक गोयल, उमेश कनौजिया, सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मंचासीन रहेंगे। दूसरे सत्र सम्मान समारोह में संचालन संस्था के संगठन मंत्री कुमार विजय करेंगे।
कार्यक्रम में संस्था द्वारा स्थापना के पश्चात् एक वर्ष के दौरान साहित्य, समाज सेवा, शिक्षा, संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, नवोदित रचनाकारों को मंच प्रदान करने तथा नियमित संचालित छंद-शिक्षा अभियान की उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा। छंद प्रशिक्षण के उपरांत आयोजित प्रतियोगिता के तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
समारोह का एक विशेष एवं ऐतिहासिक आकर्षण ‘प्रथम वर्ष का जीवन्ती देवभूमि शिखर शिरोमणि सम्मान’ होगा। संस्था द्वारा यह सर्वोच्च सम्मान श्रीमती राधा रतूड़ी, आई.ए.एस., मुख्य सूचना आयुक्त, उत्तराखंड को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व, समाज एवं राज्य के प्रति उल्लेखनीय योगदान तथा प्रेरणादायी सेवाओं के लिए प्रदान किया जाएगा। संस्था के प्रथम वार्षिकोत्सव पर इस सम्मान की शुरुआत संस्था के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है।
इस अवसर पर साहित्य, संस्कृति, पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कलाकारों, पत्रकारों एवं समाजसेवियों को ‘जीवन्ती देवभूमि सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।
समारोह का विशेष आकर्षण संस्था की संस्थापक-अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कवयित्री श्रीमती कविता बिष्ट ‘नेह’ की तीन नवीन कृतियों का लोकार्पण होगा। इनमें ‘कहती सबसे नेह’ (कुण्डलियाँ संग्रह), ‘नेहामृत साहस्री’ (दोहा संग्रह) तथा ‘दुहिता नेह कलश’ (घनाक्षरी संग्रह) शामिल हैं। उनकी प्रथम कृति ‘प्रेम कलश’ को साहित्य जगत एवं पाठकों से व्यापक सराहना प्राप्त हो चुकी है।
संस्था की संस्थापक-अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कवयित्री श्रीमती कविता बिष्ट ‘नेह’ ने प्रदेश एवं देशभर के साहित्यकारों, पत्रकारों, कलाकारों, समाजसेवियों तथा साहित्यप्रेमियों से इस गरिमामय आयोजन में सपरिवार सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का विनम्र आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button