खुले रोम छिद्रों से पाना है छुटकारा, तो अपनाएं ये घरेलू उपाय – डाॅ. फ़ौज़िया नसीम शाद

utkarshexpress.com – रोमछिद्रों की समस्या से आज असंख्य युवतियां और महिलाएं परेशान हैं। आखिर ये रोमछिद्र क्या हैं और क्यों होते हैं? इसका मूल कारण अत्यधिक तैलीय त्वचा और त्वचा की उचित सफाई न होना है। इससे चेहरे पर गंदगी जमा हो जाती है और उम्र भी अधिक प्रतीत होने लगती है। यह समस्या अक्सर छोटी-छोटी असावधानियों से ही उत्पन्न होती है।
वैसे तो रोमछिद्रों को जड़ से समाप्त नहीं किया जा सकता, लेकिन थोड़ी सावधानी और सतर्कता से काफी हद तक इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
घरेलू उपाय: – 1. मेकअप का प्रयोग कम से कम करें। अत्यधिक सौंदर्य प्रसाधन खुले रोमछिद्रों को न्योता देते हैं।
2. रोमछिद्रों को बंद करने के लिए फिटकरी को गुनगुने पानी में घोल लें और रूई की सहायता से चेहरे पर लगाएं। यह त्वचा की भीतरी परतों में नमी पहुंचाकर खुले रोमछिद्रों को बंद करता है।
3. टमाटर, मुल्तानी मिट्टी और फिटकरी को अच्छी तरह मिलाकर चेहरे पर लगाने से भी लाभ होता है।
4. चेहरे को दिन में 4 से 5 बार स्वच्छ, ठंडे जल से धोएं। धोने के लिए गर्म पानी का प्रयोग न करें, क्योंकि गर्म पानी रोमछिद्रों को और खोल देता है।
5. चेहरे पर भाप (भपारा) लेने के तुरंत बाद कोई अच्छा फेस पैक अवश्य लगाएं।
6. अंडे की सफेदी का मास्क रोमछिद्रों को संकुचित करने में अत्यंत उपयोगी है। इसका प्रयोग सप्ताह में दो से तीन बार करें।
7. थर्मोहर्ब पाउडर का मास्क भी फायदेमंद है। हल्के कुनकुने पानी में पाउडर मिलाकर लेप बना लें और आंखों व होंठों को बचाते हुए चेहरे पर लगाएं।
8. चिकनाई युक्त पदार्थों का सेवन कम करें। संतुलित, पौष्टिक भोजन और हरी सब्जियों का अधिक सेवन करें। (विभूति फीचर्स)




