गुरमत सिखलाई कैम्प के समापन पर 25 बच्चों को किया सम्मानित

utkarshexpress.com देवबंद — गुरूद्वारा श्री गुरू नानक सभा में बीते 15 दिनों से चल रहे गुरमत सिखलाई कैम्प का शनिवार को समापन हो गया। इस मौके पर कार्यक्रम आयोजित कर कैम्प में भाग लेने वाले 25 बच्चों व बच्चों को सिखाने वाले 7 लोगों को सम्मानित किया गया।
शनिवार रात गुरूद्वारा साहिब में आयोजित कार्यक्रम में कैम्प के समापन पर संगत को सम्बोधित करते हुए गुरूद्वारा कमेटी के प्रधान सेठ कुलदीप कुमार ने कहा कि बच्चे देश का कर्णधार है। इस तरह के आयोजनों से बच्चों को धर्म से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
पंजाबी समाज के अध्यक्ष सतीश गिरधर ने कहा कि स्कूलों की छुट्टियों के दौरान इस लगने वाले इस तरह के कैम्प बच्चों का सही मार्गदर्शन करते है। प्रत्येक वर्ष इस तरह के कैम्प लगाने वाली गुरूद्वारा कमेटी इसके लिए बधाई की पात्र है। कार्यक्रम का संयोजन कर रही दीपिका छाबड़ा ने कहा कि कैम्प में बच्चों को गुरमत व संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया गया। बच्चों ने संगत को कीर्तन, गुरबाणी, साखी सुनाकर व तबला, बाजा बजाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। गुरूद्वारा कमेटी की ओर से कैम्प में भाग लेने वाले 25 बच्चों को उपहार देकर व बच्चों को सिखाने वाले 7 लोगों को अभिनंदन पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संचालन गुरजोत सिंह सेठी ने किया। इस दौरान राजन छाबड़ा, हर्ष भारती, बलवंत सिंह उप्पल, सचिन छाबडा, बलदीप सिंह, मोहित मल्होत्रा, अमनदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद




