मनोरंजन

खाने और खिलाने का सुख (व्यंग्य) – सुधाकर आशावादी

utkarshexpress.com – जिसकी जितनी समझ, उसका उतना ही प्रदर्शन। बालक को उसकी अबोध निश्छलता से ही बालक की संज्ञा दी जाती है। कहा जाता है कि बालक का बोध रहित होना ही बचपन की निशानी है। बालक तब तक बालक है जब तक कि वह छल-कपट से दूर रहता है। वह नहीं जानता कि उसे कब किसके सामने क्या बोलना है, क्या नहीं। इसलिए किसी के घर-आंगन की सच्चाई जाननी हो तो उससे पूछ लो, वह सब उगल देगा कि पापा-मम्मी आपस में क्या बात करते हैं, एक-दूसरे से कैसे प्यार करते हैं। बचपन तब तक ऐसे किस्से सुनाता है जब तक कि उसमें बच्चा रहता है। बाद में उसे समझाया जाता है कि बाहर के लोगों के सामने घर की बात नहीं बतानी चाहिए, घर की बात बाहर बताने पर उसकी पिटाई होती है। तब वह कुछ बड़ा होता है, फिर वह किसी भी प्रश्न के उत्तर में यह कहकर कुछ बातें छिपाने लगता है कि मम्मी से पूछकर बताऊंगा। बहरहाल बचपन की बात ही निराली होती है।
सवाल है कि बचपन का संबंध उम्र से है या बुद्धि से। किताबों में शैशवावस्था, बाल्यावस्था और किशोरावस्था को बालक की आयु से जोड़ दिया गया है, विविध चरणों में आयु के आधार पर बालक के व्यवहार में होने वाले परिवर्तनों की विवेचना भी की गई है, किंतु यथार्थ के धरातल पर इसका खास असर दिखाई नहीं देता। कुछ बालक अति विलक्षण और असामान्य होते हैं। उनकी बुद्धि और आयु का संबंध मनोवैज्ञानिक अवधारणाओं को झुठलाने में पीछे नहीं रहता। समाज में व्याप्त अवधारणाओं से कुछ बालकों को कोई सरोकार नहीं होता। उनकी आयु भले ही बाल्यावस्था से छलांग लगाकर प्रौढ़ावस्था तक का सफर तय कर चुकी हो, लेकिन उनकी बाल-बुद्धि समय के साथ छलांग नहीं लगाती। ऐसे बालक की निश्छलता पर कोई प्रश्न भी खड़ा नहीं किया जा सकता। वह किसी भी आयु में कुछ भी बोल सकता है। यदि किसी सामंती परिवार में उस बालक का जन्म हुआ हो तो स्थिति सोने पर सुहागा जैसी बन जाती है। उसके मुखारविंद से निकली वाणी का सकारात्मक पक्ष रखने के लिए उसके अनुचरों की टीम उसके शब्दों को महिमामंडित करने के लिए तत्पर रहती है। वह कहे कि उसके परिवार में भोजन की टेबल पर परिजन एक-दूसरे की गोद में बैठकर एक ही प्लेट में भोजन करते हैं तो अनुचर स्पष्टीकरण देने में देर नहीं लगाते कि कुर्सियों की कमी के कारण ऐसी मजबूरी बन जाती है कि एक-दूसरे की गोद में बैठना पड़ता है। एक प्लेट में एक-दूसरे का झूठा खाने से प्यार भी बढ़ता है। यदि इस प्रकार का आचरण प्लेट सिस्टम के समारोह में अपनाया जाए तो एक प्लेट के भुगतान में दो लोग भोजन कर सकते हैं, इससे खाने का खर्चा भी कम होगा और एक-दूसरे की गोद में बैठकर खाने-खिलाने का सुख भी प्राप्त होगा, मगर प्यार बढ़ाने वाले इस नुस्खे को न समझने वाले लोगों का क्या करें जो एक-दूसरे की गोद में बैठकर खाने के सुख को सहन नहीं कर पाते। सो आलोचना करने लगते हैं। (विनायक फीचर्स)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button