धर्म

छठी मैया की भक्ति और लोकआस्था के नाम रहा एम. एस. केशरी पब्लिकेशन का भव्य छठ पूजा महोत्सव

utkarshexpress.com मुजफ्फरपुर, बिहार (कुमार संदीप)। लोकआस्था, आध्यात्मिक चेतना और साहित्यिक साधना के पावन संगम के रूप में एम. एस. केशरी पब्लिकेशन द्वारा छठ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया के प्रति अटूट श्रद्धा को समर्पित इस आयोजन में भक्तिभाव के साथ साहित्यिक अभिव्यक्ति की भी अनुपम छटा देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कौमुदी महोत्सव के संस्थापक केदारनाथ प्रसाद उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राज कपूर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मंच की गरिमा बढ़ाई। एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की संस्थापिका मुस्कान केशरी के कुशल संचालन में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें सदैव सौरभ, डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा, पियूष कुमार, उमेश राज, सुनील कुमार एवं दीपा श्रीवास्तव ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। सभी रचनाकारों ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से छठी मैया की महिमा, सूर्य उपासना, लोकसंस्कृति, पारिवारिक मंगलकामना और आस्था के विविध भावों को शब्दों में पिरोकर मां के श्रीचरणों में अपनी साहित्यिक श्रद्धा अर्पित की। कविताओं की भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। ऐसा प्रतीत हुआ मानो साहित्य के शब्दों के माध्यम से श्रद्धा, समर्पण और लोकमंगल की भावनाएं छठी मैया के श्रीचरणों तक पहुंच रही हों। कार्यक्रम के अंत में केदारनाथ प्रसाद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर सभी आमंत्रित कवि-कवयित्रियों एवं अतिथियों को सम्मान-पत्र और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button