देश-विदेश

​मथुरा के राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन में होगा देश भर के रचनाकारों की कृतियों का भव्य विमोचन

प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा के आयोजन में जुटेंगे साहित्यकार, कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह भी होगा

utkarshexpress.com ​जबलपुर/मथुरा – प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में मथुरा में एक भव्य राष्ट्रीय सम्मेलन एवं ‘हिन्दी अभिव्यक्ति सभा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामय साहित्यिक आयोजन में कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह के साथ-साथ देश के विभिन्न प्रांतों के रचनाकारों की उत्कृष्ट कृतियों का विमोचन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
​कार्यक्रम में साहित्य जगत की जिन प्रमुख किताबों का विमोचन होना है, उनमें लुधियाना के मौर्य ए. पी. साहब की कृति ‘चलो अब जी कर देखते हैं’, नागपुर की मेघा अग्रवाल की ‘मेरे ख्वाबों के परिंदे’, गाजियाबाद के विनय कुमार झा का काव्य संग्रह ‘प्रबुद्ध चेतना’, और भोपाल के नितिन शर्मा ‘नीति’ का काव्य संग्रह ‘अनुगूंज’ शामिल है। इसी शृंखला में, प्रयागराज के डॉ. सोमनाथ शुक्ल की कृति ‘श्रम साधक (युग की प्रतिध्वनि)’, शहडोल की संगीता शुक्ला ‘स्वरा’ की ‘स्वाति की बूंद’, मैनपुरी के प्रांशू त्रिपाठी की ‘अंतर्मुखी होती यात्रा’ तथा बीकानेर (राजस्थान) के डॉ. रामचन्द्र स्वामी के ‘मधुर बाल कहानी संग्रह’ , डॉ राधेश्याम दुबे (श्याम फतनपुरी) की दो किताबें श्याम की गीतिकाए व श्याम की मधुशाला का भी भव्य लोकार्पण किया जाएगा।
​इस अवसर पर कुछ विशेष साझा संग्रहों को भी पाठकों को समर्पित किया जाएगा। इनमें माता-पिता पर केंद्रित ‘स्मारिका’ (संपादक: सीमा शर्मा- मेरठ, प्रबंध संपादक: सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’- जबलपुर, संयोजन: प्रदीप मिश्र ‘अजनबी’-दिल्ली) और साझा काव्य संग्रह ‘गंगांजलि’ (संपादक: अजय शुक्ल-नोएडा व कवि संगम त्रिपाठी-जबलपुर) शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि ‘गंगांजलि’ में प्रयागराज के डॉ. सोमनाथ शुक्ल व राधेश्याम दुबे (श्याम फतनपुरी) और यमुना प्रसाद दुबे ‘पंकज बुरहानपुरी’ की विशिष्ट रचनाएं भी संकलित की गई हैं।
​उक्त आशय की जानकारी दिल्ली से प्रदीप मिश्र ‘अजनबी’ और अम्बाह (मुरैना) से डॉ. लाल सिंह किरार ने संयुक्त रूप से दी। आयोजकों ने विश्वास जताया है कि यह सम्मेलन हिंदी साहित्य के प्रचार-प्रसार और देश भर के रचनाकारों को एक साझा मंच प्रदान करने में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button