राजनीतिक

गया जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा विरोध मार्च सम्पन्न

utkarshexpress.com गयाजी । पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गया जिला कांग्रेस कार्यालय, राजेंद्र आश्रम में जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार की अध्यक्षता में विस्तारित बैठक संपन्न हुई। बैठक में गया जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न प्रखंडों के नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

बैठक में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी इस विषय को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी तथा गया जिला के सभी प्रखंडों में रथ के माध्यम से जन-जन तक पहुँचकर कथित चढ़ावा अनियमितता के मुद्दे को उठाएगी और चरणबद्ध आंदोलन करेगी। बैठक में बिहार सरकार द्वारा लागू पंचायत कर एवं विभिन्न प्रकार के करों का भी विरोध करने का निर्णय लिया गया। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने मकानों, कच्चे-पक्के मकानों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगाए जा रहे करों को जनविरोधी बताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की गई। इस संबंध में चरणबद्ध आंदोलन चलाने तथा 25 जुलाई 2026 को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में दिल्ली में छात्रों, कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा गया कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों की मांगों के समर्थन में उनका संघर्ष जारी रहेगा और जब तक शिक्षा से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होता तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक के उपरांत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कलेक्ट्रेट के समीप प्रशासन द्वारा कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया तथा बाद में बेल बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार, चंद्रिका प्रसाद यादव, विद्या शर्मा, रामप्रमोद सिंह, जुगल किशोर सिंह, रामाश्रय सिंह, मदीना खातून, प्रदीप शर्मा, रंजीत कश्यप, सैफुल इस्लाम, धर्मेंद्र निराला, रंजीत सिंह, शिव चौरसिया, दामोदर गोस्वामी, सुनील पासवान, अंशु सिन्हा, पूनम कुमारी, ब्रजेश राय, मनान खान, शमी खान तथा विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष अर्जुन गुप्ता, अनिल पासवान, नथुन पासवान, ओंकार शक्ति, वीरेंद्र सिंह, अखिलेश यादव, रविंद्र यादव, अनिल यादव, सहवाग, चंदन कुमार मेहता, इंदल पासवान, शिवनाथ प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज़ को दबाने का कोई भी प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई, बेरोज़गारी, किसानों, युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा जनहित के सवालों को पूरी मजबूती से उठाती रहेगी। इसकी जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी अशोक भारती ने दी।

रिपोर्ट डॉ अनमोल कुमार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button