13 दिवसीय प्रभातफेरियों का समापन, गुरुद्वारा साहिब में तीन दिवसीय श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ

utkarshexpress.com देवबंद (सहारनपुर)। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नगर में निकाली जा रही 13 दिवसीय प्रभातफेरियों का रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में निशान साहिब के चोले की सेवा की गई। इसके उपरांत तीन दिवसीय श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के दौरान गुरुवाणी कीर्तन और गुरु के अटूट लंगर का आयोजन भी किया गया।
रविवार सुबह गुरुद्वारा साहिब से निकली अंतिम प्रभातफेरी सुभाष चौक और संत नगर होते हुए दुर्गा कॉलोनी स्थित गगनदीप सिंह के आवास पर पहुंची। यहां भाई धर्म सिंह, चंद्रदीप सिंह, स्वर्णजीत कौर बेदी, हरप्रीत कौर बेदी, भोली मनचंदा और पपिन्द्र कौर ने गुरुवाणी का गायन कर संगत को निहाल किया। इसके बाद प्रभातफेरी आगे बढ़ते हुए गुरुद्वारा साहिब पहुंची। रास्ते में उप प्रधानाचार्य हरदीप सिंह और जसदीप सिंह के आवास पर भी प्रभातफेरी का परिवारजनों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रभातफेरी की सेवा करने वाले हरदीप सिंह, जसदीप सिंह और गगनदीप सिंह को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
वहीं, इंदरजीत सिंह राणा के परिवार की ओर से गुरुद्वारा साहिब में तीन दिवसीय श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ कराया गया। जबकि निशान साहिब के चोले की सेवा कमेटी अध्यक्ष सेठ कुलदीप कुमार के परिवार की ओर से की गई। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें संगत ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान सतीश गिरधर, प्रिंस कपूर, मोहित मल्होत्रा, गुरदीप सिंह, अमन जैन, रमन छाबड़ा, अमृत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद




