धर्म

जीवन्ती देवभूमि सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था ने हर्षोल्लास के साथ मनाया करवा चौथ

जीवनसाथी के नाम समर्पित गीतों ने बाँधा समाँ

utkarshexpress.com देहरादून। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था जीवन्ती देवभूमि के तत्वावधान में गुरुवार, 29 अक्टूबर को करवा चौथ के पावन अवसर पर संस्था की संस्थापक अध्यक्ष कविता बिष्ट ‘नेह’ के निजी आवास पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रेम, विश्वास, समर्पण और दांपत्य जीवन की मधुर भावनाओं को समर्पित इस आयोजन में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। गीत-संगीत, नृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाजों से सजा यह समारोह उल्लास, आत्मीयता और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में भाजपा की सह-संयोजिका ममता पांगती नागर समाज सेविका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार रेणु सकलानी एवं समाजसेवी जानकी नौटियाल शर्मा, बलदेव भट्ट वरिष्ठ पत्रकार, ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन संस्था की संयोजिका डॉ. क्षमा कौशिक एवं कविता बिष्ट ‘नेह’ ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात गंगा बिष्ट एवं वैशाली रावत ने मांगल गीत प्रस्तुत कर मंगलमय वातावरण बनाया तथा माँ सरस्वती की वंदना से कार्यक्रम का विधिवत आरंभ हुआ। पारंपरिक गीतों की मधुर स्वर-लहरियों ने सभी को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और भारतीय परंपराओं से जोड़ दिया।
जीवनसाथी के नाम गीतों ने बिखेरा प्रेम का रंग।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जीवन साथी को समर्पित गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ रहीं। महिलाओं ने अपने प्रिय जीवनसाथी के प्रति प्रेम, विश्वास, अनुराग और भावनात्मक जुड़ाव को गीतों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। किसी प्रस्तुति में प्रेम की मिठास झलकी तो किसी में रिश्तों की गहराई और समर्पण का भाव दिखाई दिया। गीतों के साथ महिलाओं की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चाँद लगा दिए। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, उत्साह और कलात्मक अभिव्यक्ति ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर संस्था की संयोजिका डॉ. क्षमा कौशिक ने उपस्थित महिलाओं को करवा चौथ की पारंपरिक कथा सुनाई तथा पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने सभी महिलाओं को करवा चौथ की शुभकामनाएँ देते हुए दांपत्य जीवन में प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि ममता पांगती नागर सहित सभी विशिष्ट अतिथियों ने अपने उद्बोधन में ऐसे आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, परंपराओं से जुड़ने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
संस्कृति, परंपरा और महिला सशक्तीकरण का सुंदर संगम.. संस्था की संस्थापक अध्यक्ष कविता बिष्ट ‘नेह’ ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जीवन्ती देवभूमि का उद्देश्य साहित्य, संस्कृति, सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करते हैं, जहाँ वे अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विरासत को उत्सव के रूप में प्रस्तुत कर सकती हैं।
करवा चौथ के इस विशेष आयोजन ने पारंपरिक मान्यताओं के साथ आधुनिक सामाजिक मेल-मिलाप का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। हँसी-खुशी, गीत-संगीत और आत्मीय संवाद के बीच संपन्न हुए इस समारोह ने सभी के मन में मधुर स्मृतियाँ संजो दीं।
कार्यक्रम में इनकी गरिमामई रही उपस्थिति।इस अवसर पर संस्था की संस्थापक अध्यक्ष कविता बिष्ट ‘नेह’, संयोजिका डॉ. क्षमा कौशिक, मीडिया प्रभारी विवेक श्रीवास्तव, मुख्य अतिथि ममता पांगती नागर, विशिष्ट अतिथि जानकी नौटियाल शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार रेणु सकलानी, बलदेव भट्ट वरिष्ठ पत्रकार, प्रीति, लवि नागर, प्रियंका धीमान, ज्योति राजवार, वीना नयाल, अंजना, गंगा बिष्ट, वैशाली रावत, महिमा श्री, सोनिका श्रीवास्तव, सृष्टि कौशिक, शीतल तिवारी, शिवानी, नेहा बिष्ट, अदिति बिष्ट एवं सहित अनेक महिलाएँ उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button