मनोरंजन

महल पड़े वीरान – डॉ. सत्यवान सौरभ

देख सिकरी आगरा, ‘सौरभ’ है हैरान।

खाली है दरबार सब, महल पड़े वीरान।।

 

कल जिनके आदेश पर, झुकता था संसार,

आज हवा से पूछते, अपना ही दरबार।

समय बदलते देर क्या, टूटे सब अभिमान—

खाली है दरबार सब, महल पड़े वीरान।।

 

सोने जैसे ताज थे, ऊँचे थे  दीवान,

सत्ता मद में डूबकर, भूले थे इंसान।

आखिर मिट्टी ने लिखा, जीवन का फरमान—

खाली है दरबार सब, महल पड़े वीरान।।

 

हाथी-घोड़े, शोर सब, खो बैठे पहचान,

दीवारों पर रह गई, बीते कल की तान।

राज सिंहासन रो रहे, सूना हर सम्मान—

खाली है दरबार सब, महल पड़े वीरान।।

 

‘सौरभ’ सत्ता देखकर, मत करना अभिमान,

कल का राजा आज हो, सकता है अनजान।

समय सदा बलवान है, रखता यही विधान—

खाली है दरबार सब, महल पड़े वीरान।।

– डॉ. सत्यवान सौरभ, उब्बा भवन,

आर्यनगर, हिसार (हरियाणा)

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button