देवबंद विधानसभा क्षेत्र में AIMIM का संगठन विस्तार, नूनाबड़ी में जनसंपर्क अभियान

utkarshexpress.com देवबंद – आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में देवबंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नूनाबड़ी में AIMIM की ओर से जनसंपर्क अभियान एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व देवबंद विधानसभा अध्यक्ष शोएब अहमद ने किया, जबकि देवबंद विधानसभा प्रत्याशी एवं AIMIM पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संयुक्त सचिव मोहतेशिम गौर की सरपरस्ती में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर रणनीति पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई सम्मानित लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की गई। इस दौरान पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने, संगठन को मजबूत करने तथा आगामी मिशन 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
संगठन विस्तार के तहत सेक्टर नूनाबड़ी में ग्राम अध्यक्षों एवं बूथ अध्यक्षों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क करने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ईसा राव, परवेज मलिक, अरशद, खुर्शीद, हाफिज सलीम, फैज अली, मौलाना आफताब कासमी सहित नगर अध्यक्ष देवबंद तथा पार्टी के अनेक सम्मानित एवं सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि मिशन 2027 को लेकर AIMIM कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनका दावा है कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता के चलते विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों में पार्टी का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है तथा बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी की ओर से बूथ स्तर पर मजबूत संगठन तैयार करने, जनसंपर्क बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच उठाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। हालांकि आगामी चुनाव में पार्टी को कितनी सफलता मिलेगी, यह चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद




