देश-विदेश

आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की घोषणा से खुशी, सफाई कर्मियों ने जताया सरकार का आभार

utkarshexpress.com देवबंद — उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की घोषणा की। सरकार की इस घोषणा के बाद देवबंद में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों एवं सफाईकर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का नगर पालिका परिषद देवबंद में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सभासदों एवं पालिका कर्मचारियों ने देखा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि जिन आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वर्तमान में 12 हजार रुपये मासिक वेतन मिल रहा है, उनका वेतन बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है।
नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं देवबंद विधायक कुंवर बृजेश सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विपिन गर्ग, उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी, सभासदगण तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री की घोषणा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुना।
वेतन वृद्धि की घोषणा के बाद अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह का पगड़ी पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष सुनील झंझरवाल, महामंत्री अविनाश वाल्मीकि, उपाध्यक्ष रोबिन, मंत्री रोहित झंझरवाल, सभासद राहुल वाल्मीकि, अरुण बिरला, मनीष बावरिया, सुन्नी वाल्मीकि, अशोक डुग्गू, प्रधान अनिकेत, विशाल, शिवपाल एवं शुभम सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वेतन में प्रस्तावित बढ़ोतरी से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के हित में इसी प्रकार आगे भी सकारात्मक निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई।    रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button