मनोरंजन

यादगार शादी का शाही भोज (व्यंग्य) – सुधाकर आशावादी

शादी हो तो ऐसी, जो यादगार बन जाए। सामान्य शादी और शाही शादी में अंतर स्पष्ट झलकना चाहिए। मेरे मोहल्ले में बिना बाप की बेटी की शादी थी, जैसे-तैसे ट्यूशन पढ़ाकर उसने अपनी शादी का इंतजाम किया था। विवाह मंडप की जगह छोटी सी धर्मशाला में शादी का आयोजन किया गया था। मोहल्ले के अड़ोसी-पड़ोसी उसके विवाह भोज में भोजन करने के लिए नहीं, अपितु भोजन की व्यवस्था के लिए गए थे।
दूसरी ओर छोटे सरकार ने अपनी बिटिया के विवाह का भव्य आयोजन किया। छोटे सरकार की महिमा अपरंपार थी, सो महीनों पहले से ही समारोह की तैयारियों की चर्चा शुरू हो गई। न जाने कितने एकड़ में विवाह का पंडाल लगा। एक सौ इक्यावन प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की गई। मेहमानों के लिए भी लाजवाब व्यवस्था की गई। शाही पंडाल सजा था, मेहमानों के आने की व्यवस्था सड़क और वायुमार्ग से की गई थी। अनेक सेलिब्रिटी शाही शादी की शोभा बढ़ाने के लिए उपस्थित थे। दूल्हे और दुल्हन की बात ही कुछ और थी। शाही शादी थी, तो वस्त्र-आभूषणों का आदान-प्रदान उपहार स्वरूप होना ही था। शादी को आकर्षक बनाने हेतु घुड़दौड़ का आयोजन भी था, जिसमें जीतने वाले विजेता के लिए महंगी कार पुरस्कार स्वरूप चमचमा रही थी। छोटे सरकार शादी को इतना यादगार बनाने के लिए बड़बोले बने हुए थे।
निमंत्रण पत्र भी विविध प्रकार से प्रसारित किए गए, किसी को घर पर जाकर आमंत्रित किया गया, तो किसी को संचार क्रांति से जनित सुविधा के अनुसार। कुछ सामान्य जन को छोटे सरकार ने सार्वजनिक घोषणा करके भी आमंत्रित किया, कि किसी को भी निमंत्रण पत्र की प्रतीक्षा नहीं करनी है। अपनी बिटिया की शादी है, सभी को आना है। गाँव के सुखिया, दुखिया, ननकू, झनकू सभी आमंत्रित हैं। ऐसे आमंत्रण को भला कौन ठुकराए। शादी में जैसे सबको भंडारे का निमंत्रण मिल गया हो। शादी के पकवानों की जानकारी भी प्रसारित हो रही थी, कि इतने लाख गुलाब जामुन, इतने लाख सफेद रसगुल्ले, इतने कुंतल काजू कतली, रबड़ी, रसमलाई मेहमानों का इंतजार कर रही है।
शादी के दिन जिसे देखो वही विवाह पंडाल की ओर खिंचा चला जा रहा था। दूर-दराज गाँवों से लाखों की भीड़ शाही शादी की गवाह बनने के लिए उमड़ रही थी। मगर हर किसी को मुख्य पंडाल तक पहुँचने की परमिशन नहीं थी। भीड़ का रुख भोजन पंडाल की ओर मोड़ दिया गया था, जहाँ गिने-चुने व्यंजन ही परोसे जाने थे। नाश्ते में चाऊमीन, पकौड़ियाँ, भोजन में गुलाब जामुन, सफेद रसगुल्ले, आलू-मटर-टमाटर की सब्जी, दाल-चावल, ठंडी पूरियाँ भीड़ के लिए उपलब्ध थीं।
भीड़ इतनी बढ़ी, कि भोजन परोसने के लिए टेबल कम पड़ गईं। भीड़ में अतिथियों ने जैसे-तैसे अपने लिए पत्तल जुटाई, कुछ ने पॉलीथिन की थैलियों का जुगाड़ किया। जो जुगाड़बाज थे, उनकी पहुँच गुलाब जामुन और रसगुल्लों तक हो गई, सो जितने भी हाथ लग सके, उतने पत्तल में जुटा लिए। किसी के हिस्से में दाल आई, दौना उपलब्ध न होने के कारण डिस्पोजेबल गिलास में दाल भरकर पी गया। किसी के हिस्से में चावल आए, किसी के हिस्से में आलू-टमाटर की सब्जी, जिस किसी के हिस्से में व्यंजन नहीं आए, उनमें से कुछ के हिस्से में लट्ठ से पिटाई आई। कुछ के हिस्से में कुछ नहीं आया।
जिसके हिस्से में कुछ आया, उसके लिए भी शादी यादगार रही और जिसके पल्ले कुछ नहीं पड़ा, वह मुँह लटकाए अपने घर लौटने के लिए विवश हुआ, उसके लिए भी शादी यादगार बन गई। (विनायक फीचर्स)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button