देश-विदेश

इस्लामिया कॉलेज ऑफ लॉ, देवबंद में संविधान दिवस केअवसर पर किया कार्यक्रम का आयोजन

utkarshexpress.com देवबंद — इस्लामिया कॉलेज ऑफ लॉ, देवबंद में संविधान दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संवैधानिक शासन व्यवस्था, संस्थागत जवाबदेही, नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है, जो प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता, न्याय और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है।
कार्यक्रम का संचालन नदीम अहमद ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थागत मर्यादा, आपसी सम्मान और जवाबदेही संवैधानिक लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों का संरक्षक है।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. बुशरा शफीक ने अपने संबोधन में कहा कि आम नागरिकों के साथ प्रशासन का व्यवहार, उनकी शिकायतों को सुनने और उनका समाधान करने का अवसर तथा सरकारी अधिकारों के मनमाने इस्तेमाल पर रोक संविधान की मूल भावना और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित मूल्यों को समझने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इस्लामिया डिग्री कॉलेज, देवबंद के डॉ. मोहम्मद अखलाक, मुजीबुल्लाह एवं यूनुस हाशमी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. मोहम्मद अखलाक ने कहा कि भारतीय संविधान का उद्देश्य केवल संस्थाओं और अधिकारों का ढांचा तैयार करना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में स्वतंत्रता, समानता और गरिमा सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के प्रति जागरूक होना चाहिए, ताकि वह अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी सही ढंग से निर्वहन कर सके।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्रा कुमारी सी. में जीत ने संविधान के माध्यम से उसके मूल स्वरूप और महत्वपूर्ण प्रावधानों को सरल ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं कुमारी दिव्या ने ‘डिजिटल राइट्स एंड द कॉन्स्टिट्यूशन’ विषय पर प्रभावशाली भाषण देकर डिजिटल युग में नागरिकों के अधिकारों और संवैधानिक संरक्षण के प्रति जागरूक किया। एमए राजनीति विज्ञान की छात्रा अर्शी ने ‘हमारा संविधान’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए संविधान के महत्व और उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के ज्ञान और संवैधानिक समझ को परखने के उद्देश्य से संविधान विषय पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अंत में वक्ताओं ने कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button