निहंग सिंहों के हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से रोष, पुलिस को दिया तीन दिन का अल्टीमेटम

utkarshexpress.com देवबंद, — क्षेत्र के तल्हेड़ी बुजुर्ग में निहंग सिंह संप्रदाय के दो जुड़वा भाईयों पर हमला करने के मामले में तीन दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई न होने से सिख पंजाबी समाज में रोष व्याप्त है। समाज का प्रतिनिधिमंडल कोतवाली पहुंच कर उन्होंने हमलावरों पर कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई और गिरफ्तारी के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया।
बीते रविवार को नकुड के मोहल्ला चौधरियान निवासी सगे जुड़वा भाई हरकीरत सिंह और प्रभजोत सिंह तल्हेड़ी बुजुर्ग क्षेत्र में कई युवकों से अधिक लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें दोनों घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने प्रभजोत सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की हुई है। लेकिन तीन दिन गुजरने के बाद भी पुलिस की ओर से हमलावरों पर कोई कार्रवाई न होने से पंजाबी समाज खफा है। मंगलवार को समाज के लोगों का प्रतिनिधिमंडल कोतवाली पहुंचा और इंस्पेक्टर कपिल देव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल गुरुद्वारा पनियाली के मुख्य सेवादार बाबा रंजीत सिंह ने कहा कि मामूली बात लेकर दोनों भाईयों पर हमला करने वाले लोगों की तीन दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की। इससे पंजाबी समाज में रोष बना हुआ है। कहा कि यदि पुलिस ने तीन दिन में हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया तो पूरे जनपद का पंजाबी समाज एकत्र होकर आंदोलन करने का काम करेगा। गुरुद्वारा कमेटी के सचिव गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि घटना के बाद तल्हेड़ी पुलिस चौकी इंचार्ज की कार्यशैली से समाज में पुलिस के प्रति अविश्वास पैदा हुआ है। सेठी ने कहा कि पगड़ी का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजपाल ने भी पंजाबी समाज को समर्थन दिया। प्रतिनिधिमंडल में गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सेठ कुलदीप कुमार, सतीश गिरधर, श्याम लाल भारती,विजय गिरधर, हरजीत सिंह, कर्मजीत सिंह एड. ईश्वर उपाध्याय, बलदीप सिंह, मोहित मल्होत्रा, भगत सिंह, प्रिंस कपूर, सिमरन जीत सिंह, चन्नी बेदी, दिनेश ऋषि आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद




