“बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर जिले के 19 वर्षीय प्रियांशु मिश्रा ने बनाया HelloEngineers, देशभर के इंजीनियरिंग छात्रों को मिला नया डिजिटल मंच”

utkarshexpress.com (kumar sandeep ) – भारत के इंजीनियरिंग छात्रों को एक साझा मंच पर जोड़ने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल करते हुए जेएसएस कॉलेज, नोएडा के बी.टेक प्रथम वर्ष के छात्र बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर जिले के प्रियांशु मिश्रा (19 वर्ष) ने “HelloEngineers” नामक एक डिजिटल प्लेटफॉर्म का निर्माण किया है। कम उम्र में ही प्रियांशु मिश्रा ने ऐसा मंच तैयार किया है, जिससे देशभर के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग के विद्यार्थी तेजी से जुड़ रहे हैं। इन्होंने पूरे राज्य का नाम गौरवान्वित करने का कार्य किया है । HelloEngineers का उद्देश्य इंजीनियरिंग छात्रों, डेवलपर्स, तकनीकी विशेषज्ञों, रिक्रूटर्स और नवाचारकर्ताओं को एक ही मंच पर लाना है, जहां वे सीख सकें, सहयोग कर सकें और अपने करियर को नई दिशा दे सकें।
प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्र अपने प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित कर सकते हैं, हैकाथॉन के लिए टीम बना सकते हैं, इंटर्नशिप एवं नौकरी के अवसर खोज सकते हैं तथा अनुभवी इंजीनियरों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यहां एआई आधारित करियर मार्गदर्शन, रिज्यूमे सुधार सुझाव, इंटरव्यू तैयारी और व्यक्तिगत लर्निंग रोडमैप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। महज 20 दिनों (20 मई 2026 से 9 जून 2026) के भीतर इस समुदाय ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्लेटफॉर्म से 209 से अधिक इंजीनियर जुड़ चुके हैं, 7 से अधिक नौकरियां पोस्ट की गई हैं, 4 टीमें गठित हुई हैं, 27 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा 8 इंजीनियरों को रोजगार भी मिला है। इसके अलावा सक्रिय रिक्रूटर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है।
प्रियांशु मिश्रा का मानना है कि इंजीनियरिंग की शिक्षा केवल कक्षा और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यावहारिक अनुभव, नेटवर्किंग और सामूहिक सीखने की प्रक्रिया ही छात्रों को वास्तविक सफलता की ओर ले जाती है। इसी सोच के साथ उन्होंने HelloEngineers की शुरुआत की।तकनीकी जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस प्रकार की पहल को निरंतर समर्थन मिलता रहा तो HelloEngineers आने वाले समय में देश के इंजीनियरिंग छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समुदाय के रूप में स्थापित हो सकता है। कम उम्र में तकनीकी नेतृत्व और नवाचार का परिचय देते हुए प्रियांशु मिश्रा ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, दूरदृष्टि और तकनीकी कौशल के बल पर युवा पीढ़ी देश के भविष्य को नई दिशा दे सकती है।




