देश-विदेश

मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

utkarshexpress.com देवबंद। मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवबंद कोतवाली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20.15 ग्राम अवैध स्मैक तथा मादक पदार्थ की तौल में इस्तेमाल होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली प्रभारी संदीप बालियान के कुशल नेतृत्व में 24 सितंबर 2026 को थाना देवबंद पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त हैं और मुन्ना शाह रोड स्थित नवनिर्मित आस्था नगर कॉलोनी में एक बंद पड़े मकान में मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बंद पड़े मकान से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 20.15 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। इसके साथ ही मादक पदार्थ की तौल के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी पुलिस के हाथ लगा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाकिब पुत्र जाकिर निवासी मोहल्ला मूलतियान तथा नदीम पुत्र मुस्लिम निवासी सराय प्रसाद, कस्बा देवबंद, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रॉबिंस कुमार, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार तथा कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।   रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button