खेल

प्रयागराज में निखिल ने हासिल किया द्वितीय स्थान, नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

नौचंदी एक्सप्रेस से देवबंद पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन और पालिका अध्यक्ष ने फूल-मालाओं से किया जोरदार स्वागत

utkarshexpress.com देवबंद। लाल पुरन चंद साहनी मेमोरियल इंटर कॉलेज, नूरपुर के कक्षा 12 के होनहार छात्र निखिल पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी गांव कुलसठ ने प्रयागराज में आयोजित 70वीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6000 मीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निखिल का चयन नेशनल स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल करने के बाद जब छात्र निखिल नौचंदी एक्सप्रेस से देवबंद रेलवे स्टेशन पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और नगर पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर छात्र का उत्साहवर्धन किया और उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग ने निखिल की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। उनका नेशनल स्तर के लिए चयनित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने छात्र को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंधक गिरीश कोहली और प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शाही ने भी निखिल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। निखिल ने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि निखिल आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, देवबंद और जनपद का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक मनोज पुंडीर, राकेश कुमार, राजकुमार त्यागी, रामकुमार, राकेश, विशाल, हेमंत, राजीव कुमार, विनय कुमार सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास जताया कि निखिल अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल कर विद्यालय एवं देश का गौरव बढ़ाएंगे।
रिपोर्टर — महताब आज़ाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button