हेल्थ

जीविका दीदियों को दिलाया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प – ब्रह्माकुमारी बबीता दीदी

utkarshexpress.com सुपौल । बिहार को नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज बनाने के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सिमराही-राघोपुर द्वारा नशामुक्त बिहार अभियान के अंतर्गत राघोपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत राघोपुर,धरहरा, राधानगर, सुखानगर, गणपतगंज, करजाइन, हरिराहा,हरीपुर प्रतापगंज, दौलतपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के जीविका केंद्रों पर पहुंचकर जीविका दीदियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी बीके बबीता दीदी, बीके पूजा बहन, बीके बीना बहन, बीके रेनू बहन एवं बीके किशोर भाई जी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण को भी प्रभावित करता है। नशे की लत केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इससे मुक्ति के लिए जागरूकता, आत्मबल, दृढ़ संकल्प एवं सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है।
ब्रह्माकुमारी बबीता दीदी ने कहा कि राजयोग मेडिटेशन एवं आध्यात्मिक ज्ञान के अभ्यास से व्यक्ति अपनी आंतरिक शक्ति को जागृत कर बुरी आदतों और व्यसनों पर विजय प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सभी जीविका दीदियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ अपने परिवार, इष्ट-मित्रों, पड़ोसियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी जीविका दीदियों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प कराया गया। सभी ने यह प्रतिज्ञा की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगी तथा अपने परिवार, गांव और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त बिहार बनाने में अपना योगदान देंगी।
उल्लेखनीय है कि बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के विशेष प्रयासों से नशामुक्त बिहार अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर 2026 को पटना में की गई। इस अभियान के अंतर्गत 26 नवंबर 2026 तक एक माह का विशेष जनजागरूकता लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बिहार के सभी 38 जिलों में जीविका समूहों से जुड़ी दीदियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनें एवं भाई सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
ब्रह्माकुमारीज का मानना है कि नशामुक्त बिहार का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूकता, आत्मानुशासन और सामूहिक सहभागिता से संभव है। जब घर-घर में नशामुक्ति का संकल्प जागेगा, तभी स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और समृद्ध बिहार का सपना साकार होगा।
संदेश : नशे को कहें ना, जीवन को कहें हां — आइए, मिलकर बनाएं नशामुक्त बिहार।

(डॉ अनमोल कुमार)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button